
स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार

प्रतिबंधित मांस ले जाने की सूचना पर खटीमा में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा पर एक कैंटर को घेरकर रोक लिया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और हंगामा शुरू हो गया।


बताया जा रहा है कि कार्यकर्ताओं को कैंटर में प्रतिबंधित मांस होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग टोल प्लाजा पर पहुंच गए और वाहन को रोककर उसकी तलाशी की मांग करने लगे।


इस दौरान भीड़ उग्र हो गई और कंटेनर चालक की पिटाई कर दी गई। साथ ही वाहन में तोड़फोड़ भी की गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। वीरेंद्र सजवाण, प्रियंका और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

वहीं अशोक कांडपाल और उनकी टीम ने तत्परता दिखाते हुए चालक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में ले लिया।

तलाशी के दौरान कैंटर से 196 कनस्तर बरामद किए गए, जिनमें जानवर की चर्बी भरी हुई बताई जा रही है। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पशु चिकित्सा विभाग को भी मौके पर बुलाया गया।

डॉ. एम.एस. मलिक ने मौके पर पहुंचकर सैंपल लिए। उन्होंने बताया कि सैंपल को जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि चर्बी किस जानवर की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

