
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

त्रिपुरेश्वरी शक्तिपीठ एवं श्री बालाजी मंदिर रूपनगर द्वारा नगर में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा का शुभारंभ बरेली रोड स्थित लक्ष्मी शिशु मंदिर से हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।


इस धार्मिक यात्रा में सुमित हृदेश, बंशीधर भगत और मुकेश बोरा सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।


यात्रा के दौरान निकाली गई आकर्षक झांकियां लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें पंचमुखी हनुमान, राम दरबार, काली का अखाड़ा, महाकाल की भस्म आरती, लंका दहन और भगवान जगन्नाथ की झांकियां प्रमुख रहीं, जिन्हें देखने के लिए रास्ते भर लोगों की भीड़ उमड़ी।


शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। सिंधी चौराहा, कालाढूंगी चौराहा और मुखानी चौराहे पर श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया।

यात्रा का समापन श्री बालाजी मंदिर रूपनगर में हुआ, जहां मंदिर व्यवस्थापक पूरन चंद पाठक द्वारा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

मंदिर व्यवस्थापक पूरन चंद पाठक ने बताया कि यह शोभायात्रा पिछले 18 वर्षों से लगातार निकाली जा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि गुरुवार को मंदिर परिसर में सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा और शाम को भजन संध्या के बाद दिव्य दरबार का आयोजन होगा।


