
स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यरो रिपोर्ट

जनपद चंपावत के बाराकोट ब्लॉक स्थित छुलापे गांव के होनहार युवा अनुज पंत ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में ऑल इंडिया 69वीं रैंक हासिल की है। लगातार दूसरी बार परीक्षा पास कर उन्होंने पूरे प्रदेश और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।


जैसे ही अनुज अपने गृह क्षेत्र पहुंचे, उनका जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया, जिससे पूरे इलाके में उत्सव का माहौल बन गया।


इसी क्रम में लोहाघाट में विधायक आवास पर एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने अनुज पंत को सम्मानित किया, साथ ही उनके माता-पिता को भी सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं।


इस अवसर पर विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने कहा कि अनुज ने मात्र 24 वर्ष की उम्र में दो बार UPSC परीक्षा पास कर एक मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि अनुज की यह उपलब्धि पूरे उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और यह साबित करती है कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि जिस उम्र में युवा खेल-कूद में व्यस्त रहते हैं, उस उम्र में अनुज ने आईएएस बनने का सपना साकार कर दिखाया है। विधायक ने अनुज के माता-पिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सपूत को जन्म देने वाले माता-पिता वास्तव में बधाई के पात्र हैं।

वहीं अनुज पंत ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत और समर्पण को देते हुए कहा कि यदि दिल से प्रयास किया जाए तो मंजिल जरूर मिलती है। उन्होंने भविष्य में शिक्षा के क्षेत्र में पलायन रोकने और कनेक्टिविटी सुधारने पर काम करने की इच्छा भी व्यक्त की।


