
स्थान : श्रीनगर गढ़वाल
ब्यरो रिपोर्ट

श्रीनगर गढ़वाल के नगर क्षेत्र स्थित उफलड़ा मोहल्ले में एक आवासीय मकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। इस घटना में करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, उफलड़ा वार्ड नंबर 39 निवासी मोहिनी देवी के घर में यह हादसा हुआ। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना के समय घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं था, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।


आग की लपटें उठती देख आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।


सूचना मिलने पर पुलिस और फायर सर्विस की टीम भी मौके पर पहुंची। सीओ श्रीनगर अनुज कुमार ने बताया कि अग्निशमन विभाग की टीम ने समय पर पहुंचकर आग पर प्रभावी तरीके से काबू पा लिया।

इस अभियान में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, चालक सोनू कुमार और महिला फायरमैन विनीता की अहम भूमिका रही। उनके प्रयासों से आग को पूरी तरह बुझाया गया और आसपास के अन्य घरों को सुरक्षित रखा गया।

इस अग्निकांड में घर में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज जैसे 10वीं-12वीं की मार्कशीट, आधार कार्ड, मूल निवास और जाति प्रमाण पत्र, लगभग 30 हजार रुपये नकद, टीवी, फ्रिज, पंखा समेत अन्य घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। पीड़िता मोहिनी देवी ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और जरूरी दस्तावेज दोबारा बनवाने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।


