
स्थान : जसपुर
ब्यरो रिपोर्ट

जनपद उधम सिंह नगर के जसपुर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।


जानकारी के अनुसार, एक ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित गति में सामने जा रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिर गया और ट्रक के पहिए की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को 108 एंबुलेंस के जरिए जसपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालांकि, वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


मृतक की पहचान कपिल कुमार के रूप में हुई है, जो टांडा अफजल, तहसील ठाकुरद्वारा, जनपद मुरादाबाद का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह अपनी मां को दवाई दिलाने के लिए जसपुर आ रहा था।

यह हादसा नगर में प्रवेश से पहले इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हुआ। दुर्घटना के समय बाइक पर पीछे बैठी उसकी मां को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, लेकिन बेटे की मौत की खबर सुनते ही उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।


