मसूरी प्रेस क्लब ने विभूतियों को किया सम्मानित

मसूरी प्रेस क्लब ने विभूतियों को किया सम्मानित

स्थान : मसूरी (उत्तराखंड)
ब्यरो रिपोर्ट

मसूरी के नगर पालिका सभागार में मसूरी प्रेस क्लब द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान क्लब की पत्रिका का भी विधिवत विमोचन किया गया।

इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री और मसूरी विधायक गणेश जोशी ने पत्रिका का विमोचन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिससे पूरे आयोजन का माहौल गरिमामय और उत्साहपूर्ण हो गया।

समारोह में पूर्व डीजीपी अनिल रतूड़ी, डॉ. खजान चौहान, गौरी कुमारी, संदीप साहनी और प्रमिला नेगी सहित कई विशिष्ट व्यक्तियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने सम्मानित विभूतियों की उपलब्धियों की सराहना की।

कार्यक्रम में उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने मीडिया की जिम्मेदारी और समाज में उसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस मौके पर गणेश जोशी ने कहा कि मसूरी के पत्रकारों का समाज में विशेष स्थान है। उन्होंने कहा कि मीडिया न केवल सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का कार्य करती है, बल्कि सरकार की कमियों को उजागर कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

उन्होंने यह भी बताया कि वे पिछले 15 वर्षों से मसूरी विधानसभा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और इस दौरान उन्हें यहां की मीडिया का भरपूर सहयोग मिला है। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर जोर दिया।