रामनवमी और दुर्गा नवमी पर काशीपुर में उमड़ा आस्था का सैलाब

रामनवमी और दुर्गा नवमी पर काशीपुर में उमड़ा आस्था का सैलाब

स्थान : काशीपुर
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के काशीपुर स्थित ऐतिहासिक एवं सिद्ध शक्तिपीठ माँ बाल सुंदरी देवी मंदिर में रामनवमी और दुर्गा नवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरा मंदिर परिसर ‘जय माता दी’ और ‘जय श्री राम’ के जयकारों से गूंज उठा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

रामनवमी के इस पावन पर्व पर, जहां देशभर में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव की धूम है, वहीं काशीपुर में चैती मेले के दौरान माँ दुर्गा के नौवें स्वरूप की आराधना भी पूरे विधि-विधान से की जा रही है। इस विशेष संयोग ने धार्मिक आस्था को और अधिक प्रगाढ़ बना दिया है।

मंदिर में दर्शन के लिए उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर और बरेली समेत कई सीमावर्ती जिलों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। तड़के सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जो कई किलोमीटर तक फैली नजर आईं।

विशेष रूप से तराई क्षेत्र से आए परिवारों की भारी उपस्थिति ने इस मेले के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व को और भी मजबूत किया। श्रद्धालु घंटों तक कतारों में खड़े रहकर भी उत्साह और श्रद्धा से भरे नजर आए और पूरे समय जयकारों के साथ अपनी भक्ति प्रकट करते रहे।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, नवरात्रि की पूर्णाहुति और रामनवमी के इस पावन संयोग पर माँ के दरबार में सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य फलदायी होती है। भक्तों का विश्वास है कि माँ बाल सुंदरी अपने भक्तों की हर मनोकामना पूर्ण करती हैं और उनकी झोली खुशियों से भर देती हैं।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समिति ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पूरे परिसर में पुलिस बल तैनात है और व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रखी गई हैं, ताकि दूर-दराज से आए भक्तों को सुगमता और सुरक्षित तरीके से दर्शन कराए जा सकें।