
स्थान : हल्द्वानी
ब्यरो रिपोर्ट

हल्द्वानी के ज्योलिकोट–भवाली मार्ग पर गेठिया के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक केमू (KMOU) बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे मौके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।


हादसे की सूचना मिलते ही तल्लीताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बस से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

बताया जा रहा है कि बस में कुल 14 यात्री सवार थे। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा एक तीखे मोड़ पर ब्रेक फेल होने के कारण हुआ। चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
यह केमू बस हल्द्वानी से पिथौरागढ़ के बिर्थी की ओर जा रही थी। हादसे के बाद मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। वहीं स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों से पहाड़ी मार्गों पर सावधानी बरतने की अपील की है।


