जसपुर में गैस संकट के बीच प्रशासन सख्त, कालाबाजारी पर शिकंजा

जसपुर में गैस संकट के बीच प्रशासन सख्त, कालाबाजारी पर शिकंजा

स्थान : जसपुर
ब्यरो रिपोर्ट

देशभर में गैस, पेट्रोल और डीजल को लेकर मची अफरा-तफरी के बीच जसपुर में भी स्थिति चिंताजनक नजर आई। इसी माहौल का फायदा उठाकर कुछ ब्लैकमेलर और कालाबाजारी करने वाले सक्रिय हो गए, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

हालांकि अब स्थानीय प्रशासन ने हालात को काबू में करने के लिए पूरी तरह कमर कस ली है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि गैस एजेंसी कर्मचारी हों या अवैध रूप से गैस रिफिल करने वाले दुकानदार, किसी को भी किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

उपजिलाधिकारी राहुल शाह के नेतृत्व में तहसीलदार दिलीप सिंह नेगी, आपूर्ति निरीक्षक मुकुल गर्जोला और गैस नोडल अधिकारियों की संयुक्त टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों को शहर की इंडियन गैस एजेंसी और भारत गैस एजेंसी पर निगरानी रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी उपभोक्ता को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उपभोक्ता अब घर बैठे गैस बुक कर सकेंगे और उन्हें समय पर होम डिलीवरी के माध्यम से सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। एजेंसी प्रबंधकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वितरण प्रणाली को पारदर्शी और सुचारु बनाया जाए।

जांच के दौरान पाया गया कि कुछ स्थानों पर पर्याप्त गैस सिलेंडर उपलब्ध होने के बावजूद वितरण व्यवस्था कमजोर थी। इस पर प्रशासन ने नाराजगी जताते हुए होम डिलीवरी ठेकेदारों को रोस्टर के अनुसार समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिलाधिकारी उधम सिंह नगर के आदेशों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है।

इसके अलावा, कालाबाजारी करने वालों और छोटे सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस भरने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। मिठाई की दुकानों समेत कई स्थानों पर गैस सिलेंडरों की जांच की गई। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।