हल्द्वानी में CM पोर्टल शिकायतों के निस्तारण पर सख्त निर्देश

हल्द्वानी में CM पोर्टल शिकायतों के निस्तारण पर सख्त निर्देश

स्थान :हल्द्वानी
ब्यरो रिपोर्ट

हल्द्वानी के बहुउद्देशीय भवन स्थित मीटिंग हॉल में मुख्यमंत्री पोर्टल (CM Portal) पर प्राप्त शिकायतों के प्रभावी निस्तारण को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने की। बैठक में जनपद के विभिन्न पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भौतिक रूप से तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

बैठक के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर आने वाली प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से किया जाए। साथ ही सभी मामलों का सही और पूर्ण डॉक्यूमेंटेशन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की कमी न रह जाए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने यह भी निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से संपर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझा जाए और उनका संतोषजनक समाधान किया जाए। इसके साथ ही शिकायतकर्ताओं से फीडबैक प्राप्त करने की प्रक्रिया को भी अनिवार्य रूप से लागू करने को कहा गया।

डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बैठक में सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी इसमें दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान लंबित शिकायतों की समीक्षा भी की गई और उन्हें शीघ्र निस्तारित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि पोर्टल पर अपलोड की जाने वाली आख्या (रिपोर्ट) स्पष्ट, तथ्यात्मक और संतोषजनक होनी चाहिए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी, सुमित पाण्डेय समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जनपद नैनीताल पुलिस द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।