गैस गोदाम में हंगामा, उपभोक्ता और पुलिस आमने-सामने

गैस गोदाम में हंगामा, उपभोक्ता और पुलिस आमने-सामने

स्थान : बाज़पुर

रिपोर्टर : विशेष शर्मा

बाजपुर से बड़ी खबर सामने आई है, जहाँ मंडी स्थित गैस गोदाम में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गैस सिलेंडर वितरण को लेकर उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा कर दिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मौके पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।


जानकारी के अनुसार, गैस की होम डिलीवरी के लिए सिलेंडरों को ई-रिक्शा और पिकअप वाहनों में लोड किया जा रहा था। इसी दौरान एक उपभोक्ता ने गैस ले जा रही पिकअप वाहन की चाबी निकाल ली, जिससे वितरण प्रक्रिया बाधित हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।


चाबी निकालने की इस घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य उपभोक्ता भी भड़क गए और गैस सिलेंडर लेने को लेकर जोरदार हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और उपभोक्ताओं व पुलिस के बीच तीखी झड़प भी देखने को मिली।


मामले की सूचना मिलते ही तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने हालात को संभालने की कोशिश की और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।


प्रशासन की ओर से बताया गया कि होम डिलीवरी के लिए गैस सिलेंडर बेरिया दौलत क्षेत्र में भेजे जा रहे थे, लेकिन कुछ उपभोक्ताओं द्वारा मौके पर ही सिलेंडर लेने की जिद के चलते विवाद उत्पन्न हो गया।


काफी मशक्कत के बाद पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित व्यवस्था के तहत ही गैस वितरण प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि भविष्य में इस तरह की अव्यवस्था और विवाद से बचा जा सके।