
स्थान : देहरादून

ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है, जहाँ युवकों के दो गुटों के बीच हुआ विवाद एक युवक की मौत का कारण बन गया। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।


मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र का है, जहाँ 23 मार्च 2026 की रात केहरी गांव में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई।


इस मारपीट में 22 वर्षीय दिव्यांशु जाटराना गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे तुरंत उपचार के लिए प्रेमनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

डॉक्टरों ने युवक की हालत नाजुक देखते हुए उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया। एम्बुलेंस उपलब्ध न होने की स्थिति में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपने वाहन से ही उसे अस्पताल पहुँचाया, लेकिन इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।

मृतक दिव्यांशु जाटराना मूल रूप से मुजफ्फरनगर का रहने वाला था और फिलहाल देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष प्रेमनगर स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान के छात्र हैं और कॉलेज में वर्चस्व को लेकर उनके बीच पहले से ही विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते यह हिंसक घटना सामने आई।
परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों—युवराज कुमार, मधुर खंडेलवाल और शिवम शर्मा—को हिरासत में ले लिया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

