
स्थान : ऋषिकेश

ब्यरो रिपोर्ट

तीर्थ नगरी ऋषिकेश के प्रसिद्ध त्रिवेणी घाट पर अवैध पार्किंग को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। लंबे समय से गंगा घाट के आसपास पार्किंग संचालकों द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए अतिरिक्त वाहनों को खड़ा किया जा रहा था, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।


जिसके बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आया। खबर के प्रसारण के बाद अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अवैध पार्किंग को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।


नगर निगम की टीम ने त्रिवेणी घाट क्षेत्र में चल रही अतिरिक्त और अवैध पार्किंग को हटवाया। इस दौरान पार्किंग संचालक द्वारा निर्धारित सीमा से अधिक वाहनों को खड़ा करने और गंगा घाट क्षेत्र का गलत इस्तेमाल करने की पुष्टि हुई।

कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए पार्किंग संचालक पर ₹10,000 का चालान भी काटा। अधिकारियों ने साफ तौर पर निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने मौके पर ही पार्किंग संचालक को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि दोबारा अवैध तरीके से पार्किंग संचालित की गई, तो न केवल भारी जुर्माना लगाया जाएगा, बल्कि संबंधित लाइसेंस भी निरस्त कर दिया जाएगा।

इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है। प्रशासन की इस सख्ती से साफ संकेत मिल गया है कि तीर्थ स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए नियमों का पालन अनिवार्य होगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी


