
स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

रानीखेत में ईद-उल-फितर का पवित्र त्योहार खुशी, उल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।


शनिवार सुबह करीब 9 बजे जामा मस्जिद रानीखेत में सैकड़ों अकीदतमंदों ने एक साथ नमाज़ अदा की। इस दौरान पूरे इलाके में आध्यात्मिक और शांतिपूर्ण माहौल बना रहा।

नमाज़ की अगुवाई पेश इमाम लाईक अहमद तहसीनी ने की। नमाज़ के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।


इस मौके पर जामा मस्जिद सदर मो. ईरफान ने सभी को ईद-उल-फितर की बधाई दी और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए शासन-प्रशासन व पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया।
नमाज़ के बाद दुआ के दौरान देश की सलामती, अमन-चैन और भाईचारे के लिए विशेष प्रार्थना की गई। पेश इमाम ने दुआ करते हुए देश की तरक्की और हर घर में खुशहाली की कामना की।

उन्होंने मुल्क के दुश्मनों के खात्मे की दुआ करते हुए लोगों से आपसी प्रेम, एकता और इंसानियत बनाए रखने की अपील की।

ईद मिलन कार्यक्रम में करण माहरा ने भी शिरकत की और सभी को ईद की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें मिलजुलकर रहने और समाज में भाईचारे को मजबूत करने का संदेश देता है।

कार्यक्रम में मोहन नेगी, उमेश भट्ट, कुलदीप कुमार और प्रमोद पाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे, जिन्होंने मिलकर इस त्योहार को यादगार बनाया।

