चम्पावत में गैस वितरण व्यवस्था सुधारने मैदान में उतरे डीएम

चम्पावत में गैस वितरण व्यवस्था सुधारने मैदान में उतरे डीएम

स्थान : चंपावत
ब्यरो रिपोर्ट

जनपद चम्पावत में गैस आपूर्ति को सुचारु और सुलभ बनाने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार खुद मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने गैस वितरण प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने चम्पावत स्थित गैस एजेंसी और छतार क्षेत्र के डिलीवरी प्वाइंट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव गंभीरता से सुने।

जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि गैस वितरण व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी, समयबद्ध और जनसुलभ बनाया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी उपभोक्ता को ऑनलाइन पंजीकरण में दिक्कत आती है, तो गैस एजेंसी के माध्यम से उसका पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे कोई भी पात्र लाभार्थी गैस सुविधा से वंचित न रहे।

डीएम ने निर्देश दिए कि चम्पावत में गैस वितरण के लिए वार्डवार तिथियां तय करते हुए एक व्यवस्थित रोस्टर तैयार किया जाए। इससे उपभोक्ताओं को उनके नजदीकी डिलीवरी प्वाइंट पर ही गैस मिल सकेगी और एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ कम होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि वितरण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाने के लिए केवल पंजीकृत उपभोक्ताओं को ही निर्धारित तिथि और समय पर गैस दी जाए, जिससे अव्यवस्था की स्थिति न बने।

जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे बिना आवश्यकता खाली सिलेंडर लेकर एजेंसियों पर न आएं और निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही गैस प्राप्त करें। उन्होंने बताया कि पंजीकरण संख्या या डीएससी के माध्यम से समय पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी।

छतार वार्ड में भी डीएम ने स्थानीय लोगों को गैस प्राप्ति की प्रक्रिया की जानकारी दी और जागरूक किया। साथ ही डिलीवरी प्वाइंट पर गैस वाहन के जरिए सभी उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई।