
लोकेशन – जसपुर (ऊधम सिंह नगर)
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में सरकार के चार साल पूरे होने के बाद हुए मंत्रिमंडल विस्तार के तहत पांच विधायकों को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। इस विस्तार में वरिष्ठ भाजपा नेता मदन कौशिक को दोबारा मंत्री बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।


हरिद्वार से विधायक मदन कौशिक को पुनः मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की खबर मिलते ही जसपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया।

जसपुर के सुभाष चौक पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एकत्र हुए और पार्टी के नारों के साथ खुशी का इजहार किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी साझा की।


कार्यक्रम में मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन और वरिष्ठ नेताओं के सम्मान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारी देकर सही निर्णय लिया है।
भाजपा नेता चौधरी ब्रजवीर सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भले ही यह निर्णय थोड़ी देर से लिया हो, लेकिन वरिष्ठ विधायकों को मंत्री बनाकर उनका सम्मान किया है।

उन्होंने कहा कि मदन कौशिक जैसे अनुभवी नेता को फिर से मंत्रिमंडल में शामिल करना पार्टी और प्रदेश के लिए सकारात्मक कदम है। इससे संगठन को मजबूती मिलेगी और विकास कार्यों को गति मिलेगी।

चौधरी ब्रजवीर सिंह ने यह भी कहा कि जसपुर में कार्यकर्ताओं के बीच खास उत्साह देखा गया और सभी ने इसे प्रदेश के लिए शुभ संकेत बताया।

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जश्न मनाया जा रहा है, वहीं जसपुर में भी यह उत्साह साफ तौर पर देखने को मिला।

