महंगाई और गैस संकट पर कांग्रेस का हमला

महंगाई और गैस संकट पर कांग्रेस का हमला

स्थान : पौड़ी
ब्यरो रिपोर्ट

टिहरी गढ़वाल के कांग्रेस नेता एवं नरेंद्र नगर विधानसभा प्रभारी श्यामलाल आर्य ने प्रदेश में बढ़ती महंगाई और गैस आपूर्ति संकट को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों में चल रहे संघर्ष के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिससे आम जनता और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आर्य ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय जब गैस सिलेंडर की कीमत करीब 400 रुपये थी, तब स्मृति ईरानी सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करती थीं। लेकिन गैस की कीमत 1100 रुपये के करीब पहुंचने के बावजूद भाजपा नेता इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं।

उन्होंने बताया कि एलपीजी गैस की किल्लत के कारण लोगों को लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। होटल और ढाबा संचालकों को कमर्शियल सिलेंडर के लिए भटकना पड़ रहा है,

जबकि कई छोटे व्यवसाय गैस की कमी के चलते अस्थायी रूप से बंद हो चुके हैं।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रदेश में महंगाई बेलगाम हो चुकी है, जिसका असर आम जनता के साथ-साथ आगामी चारधाम यात्रा पर भी पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि यात्रा के प्रमुख पड़ाव देवप्रयाग में सरकारी शराब की दुकान को लेकर स्थानीय लोगों में भारी विरोध है, लेकिन सरकार राजस्व के चलते इसे बंद नहीं कर रही है।

अंत में श्यामलाल आर्य ने कहा कि जनता अब भाजपा के “दोहरे चरित्र” को समझ चुकी है और 2027 विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन के जरिए इसका जवाब देगी।