चैत्र नवरात्र में भाजपा महिला मोर्चा का “शक्ति पूजन” अभियान शुरू

चैत्र नवरात्र में भाजपा महिला मोर्चा का “शक्ति पूजन” अभियान शुरू

स्थान : देहरादून
ब्यरो रिपोर्ट

चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर प्रदेश में भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है। इसी कड़ी में भाजपा महिला मोर्चा ने “शक्ति पूजन” कार्यक्रमों की शुरुआत कर दी है, जो पूरे नवरात्र भर विभिन्न मंडलों में आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्षा रुचि भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि नवरात्र शक्ति की उपासना का पर्व है, इसलिए इन कार्यक्रमों को “शक्ति पूजन” नाम दिया गया है।

उन्होंने बताया कि यह आयोजन प्रदेश के कुल 304 मंडलों में आयोजित किए जा रहे हैं, जहां महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रमों का उद्देश्य मातृशक्ति को एक मंच पर लाना और सामाजिक व सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करना है।

रुचि भट्ट ने कहा कि इन आयोजनों के तहत मातृशक्ति द्वारा कीर्तन और भजन कार्यक्रम बूथ स्तर तक आयोजित किए जाएंगे, जिससे हर बूथ की प्रत्येक महिला इसमें शामिल हो सके।

कार्यक्रमों में कीर्तन मंडलियों के बीच प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, जिससे सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और महिलाओं में उत्साह का संचार होगा।

इसके साथ ही नवरात्र के दौरान पारंपरिक रूप से कन्या पूजन भी किया जाएगा, जिसमें बालिकाओं का सम्मान कर उन्हें प्रसाद वितरित किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि इन कार्यक्रमों में संगठन के वरिष्ठ सदस्य भी शामिल होंगे, जो मातृशक्ति को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे और सामाजिक मुद्दों पर संवाद करेंगे।

इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी महिलाओं को दी जाएगी, ताकि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर में सुधार कर सकें।