किच्छा में हाईवे कट खोलने की मांग को लेकर कांग्रेस का धरना, पुतला दहन

किच्छा में हाईवे कट खोलने की मांग को लेकर कांग्रेस का धरना, पुतला दहन

स्थान – किच्छा (उधम सिंह नगर)
ब्यूरो रिपोर्ट

उधम सिंह नगर जिले के किच्छा में कुछ महीने पहले बंद किए गए हाईवे कट को दोबारा खोलने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने किया।

सोमवार को बड़ी संख्या में कांग्रेसी अंबेडकर चौक पर एकत्रित हुए और धरना देते हुए नेशनल हाईवे प्रशासन के परियोजना निदेशक का पुतला दहन कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रशासन ने अंबेडकर चौक पर हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हाईवे कट बंद कर दिया था और अन्य स्थानों पर दो नए कट बनाए थे, लेकिन इसके बावजूद दुर्घटनाएं कम होने के बजाय बढ़ गई हैं।

विधायक बेहड़ ने आरोप लगाया कि करीब 200 मीटर दूर बनाए गए अस्थायी कट से वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि इस अस्थायी व्यवस्था के कारण कई गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान भी गई है। उनका कहना था कि शहर के मुख्य चौराहे को स्थायी रूप से बंद करना यातायात नियमों के विरुद्ध है और नेशनल हाईवे प्रशासन दुर्घटनाओं पर नियंत्रण करने में विफल रहा है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि अंबेडकर चौक को व्यवस्थित कर इसे एक बड़े और सुरक्षित चौराहे के रूप में विकसित किया जाए, जहां ट्रैफिक लाइट और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और आम जनता को राहत मिले।

अंत में विधायक बेहड़ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो अप्रैल के पहले सप्ताह में जिला मुख्यालय स्थित नेशनल हाईवे प्रशासन के कार्यालय पर बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।