
स्थान : देहरादून

ब्यूरो रिपोर्ट

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना बसंत विहार पुलिस ने गुमशुदा युवक दिगंबर धीमान हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए।


11 फरवरी 2026 को शास्त्री नगर निवासी संतराम धीमान ने अपने 28 वर्षीय पुत्र दिगंबर धीमान की गुमशुदगी थाना बसंत विहार में दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार, दिगंबर 9 फरवरी को कोर्ट में पेशी के बाद घर नहीं लौटा था, जिसके बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दिगंबर के कुछ साथी भी उसी रात से लापता थे। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने न्यू पटेलनगर निवासी संदिग्ध टैक्सी चालक राजनंदन को हिरासत में लेकर पूछताछ की।


पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि 9 फरवरी की रात दिगंबर के साथियों ने उसके शव को कंबल में लपेटकर उसकी स्विफ्ट डिजायर टैक्सी से चिडियापुर के जंगल में ले जाकर रेत में दबा दिया था।

आरोपियों ने स्वीकार किया कि शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान बेसबॉल बैट से सिर पर वार होने से दिगंबर की मौत हो गई थी। घटना के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को जंगल में दफना दिया गया।


पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर जंगल से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटना में प्रयुक्त टैक्सी को कब्जे में ले लिया है। मामले में हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे प्रकरण का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।

