केम्प्टी स्टैंड के पास क्षतिग्रस्त हुआ यमुनोत्री हाईवे, डायवर्जन मार्ग पर रोज लग रहा जाम

केम्प्टी स्टैंड के पास क्षतिग्रस्त हुआ यमुनोत्री हाईवे, डायवर्जन मार्ग पर रोज लग रहा जाम

स्थान : मसूरी

ब्यूरो रिपोर्ट

केम्प्टी स्टैंड के निकट हाल ही में खुदाई कार्य के दौरान यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद प्रशासन को यातायात रूट डायवर्ट करना पड़ा। वर्तमान में वाहनों को हरनाम सिंह मार्ग से जीरो पॉइंट की ओर भेजा जा रहा है, लेकिन इस वैकल्पिक मार्ग पर लगातार जाम की स्थिति बनी हुई है।

डायवर्जन मार्ग के बीच टैक्सी और अन्य वाहनों के खड़े होने से यातायात बाधित हो रहा है। सड़क संकरी होने के कारण थोड़ी सी लापरवाही भी लंबा जाम लगा रही है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इस मार्ग पर कई प्रतिष्ठित स्कूल स्थित हैं, जिसके चलते छात्र-छात्राओं को स्कूल पहुंचने और घर लौटने में परेशानी उठानी पड़ रही है। अभिभावकों में भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

इसी रास्ते से लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी और केम्प्टी फॉल जाने वाले पर्यटकों का आवागमन भी हो रहा है। पर्यटन सीजन में वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम की समस्या और गंभीर हो गई है।

प्रशासन के अनुसार, केम्प्टी स्टैंड के निकट क्षतिग्रस्त मार्ग को दुरुस्त करने में लगभग एक से दो माह का समय लग सकता है। ऐसे में लंबे समय तक यातायात दबाव बने रहने की आशंका है।

स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि डायवर्जन मार्ग पर पार्किंग की सख्त व्यवस्था लागू की जाए, ताकि जाम से राहत मिल सके। साथ ही ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाने की भी मांग उठ रही है।

फिलहाल स्थानीय लोग और पर्यटक रोजाना जाम में फंसने को मजबूर हैं। यदि शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए तो समस्या और विकराल रूप ले सकती है।