
स्थान : मसूरी

ब्यूरो रिपोर्ट

शहीद स्थल झूला घर पर पटरी व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें व्यापारियों ने अपनी समस्याओं को लेकर 6 सूत्रीय मांगपत्र तैयार किया। बैठक में तय किया गया कि शीघ्र ही नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी से मुलाकात कर मांगों पर वार्ता की जाएगी।


पटरी व्यापारियों ने कहा कि उन्हें माल रोड के निकट ही पटरी लगाकर व्यापार करने की अनुमति दी जाए। उनका आरोप है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के हटाए जाने से उनका रोजगार पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

बैठक में पूर्व मंडी परिषद अध्यक्ष संजय चोपड़ा भी मौजूद रहे और उन्होंने व्यापारियों को अपना समर्थन दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।


संजय चोपड़ा ने कहा कि जब तक विधिवत वेंडर जोन का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक व्यापारियों को माल रोड पर ही व्यवसाय करने दिया जाना चाहिए। वेंडर जोन बनने के बाद ही उन्हें विस्थापित किया जाना उचित होता।

उन्होंने आरोप लगाया कि नगरपालिका द्वारा पहले ही व्यापारियों को हटाए जाने से उनका रोजगार छिन गया है और कई परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।


व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों को अनदेखा किया गया तो वे चरणबद्ध आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका संघर्ष केवल अपने रोजगार की रक्षा के लिए है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 6 सूत्रीय मांगपत्र नगर पालिका अधिशासी अधिकारी को सौंपकर समाधान की मांग की जाएगी। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेकर सकारात्मक कदम उठाएगा।

