
स्थान : लक्सर

ब्यूरो रिपोर्ट

लक्सर क्षेत्र के निरंजनपुर-भगतनपुर मार्ग पर उस समय दहशत फैल गई जब गन्ने के खेत में गुलदार दिखाई दिया। खेत में काम करने पहुंचे किसानों ने जैसे ही गुलदार को देखा, उनकी जान गले में अटक गई और वे बिना काम किए ही वापस लौट आए।


गन्ने के घने खेत में मौजूद गुलदार कैमरे में भी कैद हो गया, जिसके बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान शुरू कर दिया। अधिकारियों ने खेतों और जंगल से सटे इलाकों में गहन तलाशी ली।

वन विभाग ने ग्रामीणों को हिदायत दी है कि वे अकेले जंगल या खेतों में न जाएं। किसानों को सलाह दी गई है कि वे समूह में मिलकर काम करें और सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें।


गुलदार की मौजूदगी से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं स्कूल जाने वाले बच्चे भी भयभीत हैं और अभिभावक उन्हें अकेले भेजने से कतरा रहे हैं।

वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी गुलदार दिखाई दे तो तुरंत सूचना दें। विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

लक्सर वन विभाग गुलदार की गतिविधियों को लेकर एक्टिव मोड में है और जल्द ही स्थिति को नियंत्रित करने का आश्वासन दिया है, ताकि क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल हो सके।

