
स्थान : अल्मोड़ा

रिपोर्टर : संजय जोशी

कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने आज अल्मोड़ा पहुंचकर जिलाधिकारी कार्यालय एवं बंदोबस्त कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि न्यायालय में लंबित मामलों का निस्तारण जल्द से जल्द किया जाए।


कमिश्नर ने रिकॉर्ड रूम में रखे गए ब्रिटिश कालीन दस्तावेजों का भी निरीक्षण किया और इन्हें सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड रूम में कई ऐसे महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं जिन्हें संरक्षित करना अत्यंत आवश्यक है। इनके सुरक्षित होने से शोधकर्ता और इतिहासकार आसानी से रिसर्च कर पाएंगे।


इस अवसर पर कमिश्नर ने सरकार द्वारा चलाई जा रही हवाई सेवा की सराहना करते हुए कहा कि यह सुविधा पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है। अब लोग आसानी से हवाई मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंच पा रहे हैं।

कमिश्नर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक भी की और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय में सभी विकास कार्य पूरे किए जाएं।


कमिश्नर ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे और अधिकारियों को सुनिश्चित करना चाहिए कि विकास कार्य समय पर और प्रभावी तरीके से संपन्न हों।


