औली में चार दिवसीय “ग्रेट बैकयार्ड बर्ड काउंट वॉक” संपन्न, चमोली का प्रदर्शन आठवें स्थान पर

औली में चार दिवसीय “ग्रेट बैकयार्ड बर्ड काउंट वॉक” संपन्न, चमोली का प्रदर्शन आठवें स्थान पर

स्थान : औली ज्योर्तिमठ

ब्यूरो रिपोर्ट

बर्ड काउंट इंडिया के तहत आयोजित चार दिवसीय “ग्रेट बैकयार्ड बर्ड काउंट वॉक” (GBBC) 2026 का सफल समापन हो गया। यह कार्यक्रम 13 से 16 फरवरी तक आयोजित किया गया, जिसमें उत्तराखंड सहित देशभर से पक्षी प्रेमियों ने भाग लिया।

उत्तराखंड में इस बर्ड काउंट वॉक के दौरान कुल 445 पक्षी प्रजातियां ऑब्जर्व की गईं, और पक्षी प्रेमियों द्वारा 2146 कंप्लीट चेकलिस्ट तैयार की गईं। राज्य के 13 जनपदों में आयोजित इस अभियान में कुल 891 हॉटस्पॉट शामिल रहे।

राज्य स्तर पर देहरादून क्षेत्र ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया, जहां 315 प्रजातियां देखी गईं। इसके बाद नैनीताल 310 प्रजातियों के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि पौड़ी 210 प्रजातियों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। चमोली ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए आठवें स्थान को हासिल किया।

विशेष रूप से औली-ज्योर्तिमठ क्षेत्र की जोगी धारा FRH साइट इस बर्ड वॉक का प्रमुख हॉटस्पॉट रही। यह छोटा सीमांत क्षेत्र भी 36वें स्थान पर रहा, जिसे लेकर स्थानीय पक्षी प्रेमियों और Nature एक्सपर्टों ने खुशी जताई।

चमोली जनपद के बर्ड काउंट मिशन प्रभारी एवं नेचर एक्सपर्ट संजय कुंवर ने सभी प्रकृति प्रेमियों और पक्षी प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य पक्षियों की प्रजातियों की निगरानी और संरक्षण को बढ़ावा देना है।

चार दिवसीय इस सिविक साइंस कार्यक्रम के परिणाम eBird और Merlin ऐप्स के माध्यम से साझा किए गए। उत्तराखंड में यह अभियान बर्ड वाचिंग क्लब औली-ज्योर्तिमठ द्वारा संचालित किया गया।

बर्ड काउंट इंडिया द्वारा समन्वित यह कार्यक्रम भारत में पक्षी विविधता की निगरानी और संरक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण पहल माना जाता है, जो आम जनता को भी प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर देता है।