रोशनाबाद न्यायालय को बम धमकी, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क मोड में

रोशनाबाद न्यायालय को बम धमकी, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क मोड में

स्थान : हरिद्वार

ब्यूरो रिपोर्ट

रोशनाबाद स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। धमकी ई-मेल के जरिए प्राप्त हुई थी, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर एसपी सिटी के नेतृत्व में बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और सिडकुल पुलिस ने संयुक्त रूप से व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान न्यायालय में आने-जाने वाले हर व्यक्ति और वाहन की गहन जांच की गई। मेटल डिटेक्टर और अन्य तकनीकी उपकरणों से पूरे परिसर को खंगाला गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच में किसी भी संदिग्ध सामग्री का पता नहीं चला। बावजूद इसके, सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

इस दौरान पुलिस ने न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी और आम नागरिकों से भी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि संवेदनशील स्थलों पर इस तरह के सुरक्षा अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके।

अधिकारियों का कहना है कि न्यायालय परिसर में आने वाले लोगों को सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाया जा रहा है।