
स्थान : विकासनगर

ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून के धौलास भूमि विवाद ने सियासी और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले पर साफ संदेश दिया है कि देवभूमि की मर्यादा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


सहसपुर के परवल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में बताया कि धौलास भूमि आवंटन मामले की गहन जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि अगर जांच में किसी भी तरह की अनियमितता या साजिश सामने आती है, तो संबंधित भूमि का आवंटन तत्काल रद्द कर दिया जाएगा और यह भूमि राज्य सरकार में वापस निहित की जाएगी।


मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तराखंड में तुष्टीकरण और साजिश के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा, “हम ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम कर रहे हैं। नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

वहीं, सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने भी इस मुद्दे पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने इसे स्थानीय जनभावनाओं और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया और सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग की।

इस विवाद के बाद प्रशासन और स्थानीय लोग दोनों ही इस मामले की जांच और निष्कर्ष की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

