
स्थान : हल्द्वानी

ब्यूरो रिपोर्ट

पुलिस कंट्रोल रूम को हल्द्वानी बड़ी मंडी क्षेत्र से सूचना मिली कि 01 युवक और 01 युवती मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना पर तुरंत कोतवाली हल्द्वानी पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य संकलित किए।


प्रारंभिक जांच में मामला पत्थर से कुचलकर हत्या का प्रतीत हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और विशेष जांच टीम गठित कर घटना के त्वरित अनावरण के निर्देश दिए।

मृतकों की पहचान शुभम टम्टा, पुत्र किशोरी लाल टम्टा, निवासी तल्ला खोल्टा अल्मोड़ा और लक्ष्मी पोखरिया, पुत्री श्री हेम चन्द्र पोखरिया, निवासी ग्राम मल्ली पोखरी ओखलकांडा नैनीताल के रूप में हुई। मृतका के परिजन की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर नंबर 52/2026 धारा 103 (1) BNS के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने घटनास्थल, सीसीटीवी सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है:

- गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर, 25 वर्ष
- सौरभ भट्ट उर्फ भटिया, 20 वर्ष
- दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव, 20 वर्ष
- दीपेश लटवाल उर्फ राज, 25 वर्ष

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब पीते समय लक्ष्मी के साथ छेड़खानी हुई, जिस पर शुभम और लक्ष्मी ने विरोध किया। विवाद के दौरान शुभम की हत्या की गई, फिर दोनों के सिर पत्थर से कुचलकर पहचान छिपाने की कोशिश की गई।

हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन और आरोपियों के खून से सने कपड़े बरामद किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि गौरव नेगी आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध पहले से 11 मामले दर्ज हैं।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम को 2,500 रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की और कहा कि जघन्य अपराध करने वालों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है।
घटनास्थल पर कार्यरत पुलिस टीम में कोतवाली हल्द्वानी, थाना मुखानी, चौकी मंडी, चौकी हीरानगर, चौकी मालधनचौड़ सहित अन्य अधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

