कांग्रेस की बैठक में 16 फ़रवरी को राजभवन घेराव की रणनीति तय

कांग्रेस की बैठक में 16 फ़रवरी को राजभवन घेराव की रणनीति तय

स्थान : हल्द्वानी

ब्यूरो रिपोर्ट

कांग्रेस भवन, स्वराज आश्रम हल्द्वानी में आज आगामी 16 फ़रवरी को देहरादून में प्रस्तावित राजभवन घेराव को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन की सफलता सुनिश्चित करने हेतु रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में संगठनात्मक तैयारियों, कार्यकर्ताओं की भागीदारी, परिवहन व्यवस्था, अनुशासन और स्थल प्रबंधन जैसे सभी पहलुओं पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ।

कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि यह आंदोलन जनता के हक और अधिकारों की रक्षा के लिए है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया कि वे प्रदेशभर से बड़ी संख्या में राजभवन घेराव में भाग लें।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने प्रदेश सरकार की विफलताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और विकास की ठहराव से जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि 16 फ़रवरी का यह घेराव जनआक्रोश की सशक्त अभिव्यक्ति होगा।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और कांग्रेस वर्किंग कमेटी सदस्य करन माहरा ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज़ उठाएगी और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अधिकतम संख्या में देहरादून पहुंचें।

हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने बताया कि हल्द्वानी क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदारियाँ बांटी गई हैं।

बैठक का संचालन हल्द्वानी महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट और नैनिताल जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर उपनेता सदन और खटीमा विधायक भुवन कापड़ी, विधायक किच्छा तिलकराज बेहड़, विधायक नानकमत्ता गोपाल सिंह राणा, पूर्व सांसद महेंद्र सिंह पाल समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

बैठक में उपस्थित सभी वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि 16 फ़रवरी का यह आंदोलन जनता की आवाज़ को बुलंद करेगा और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का कार्य करेगा।