

स्थान – लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी


अग्निपथ योजना के विरोध में कांग्रेस पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ ने शहीद स्मारक के समीप एक विशाल सभा का आयोजन किया। इसके बाद आंदोलन के द्वितीय चरण में बिंदुखत्ता क्षेत्र में जोरदार विरोध रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।



इस मौके पर उत्तराखंड के नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक अग्निपथ योजना के खिलाफ लगातार आवाज़ बुलंद कर रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है और इससे देश की रक्षा व्यवस्था पर भी दूरगामी नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। यशपाल आर्य ने कहा कि चार साल की अस्थायी सेवा युवाओं को न तो स्थायित्व देती है और न ही सम्मानजनक भविष्य की गारंटी।



सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन सिंह नेगी ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही अग्निपथ योजना का विरोध करती आ रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि है, जहां का युवा देश की हर रेजीमेंट में सेवा करता रहा है। ऐसे में सैनिकों और युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।


कर्नल नेगी ने कहा कि अग्निपथ योजना से न केवल जवानों का भविष्य असुरक्षित होता है, बल्कि सेना जैसी अनुशासित और परंपरागत व्यवस्था को भी नुकसान पहुंचता है। उन्होंने सरकार से इस योजना को वापस लेने और युवाओं के हित में पुरानी भर्ती व्यवस्था बहाल करने की मांग की।


प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और पूर्व सैनिकों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अग्निपथ योजना को तत्काल रद्द करने की मांग दोहराई। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस योजना को वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


