

स्थान : खटीमा
ब्यूरो रिपोर्ट

लगातार हो रही बारिश के चलते नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 आदर्श कॉलोनी में जलभराव की गंभीर समस्या सामने आई है। कॉलोनी में पानी भरने से परेशान दर्जनों महिलाओं ने तहसील पहुंचकर एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा और समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।


महिलाओं ने बताया कि पिछले करीब 10 वर्षों से हर मानसून सीजन में आदर्श कॉलोनी जलमग्न हो जाती है। जलभराव के कारण स्कूली बच्चों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।



स्थानीय महिलाओं का कहना है कि कॉलोनी में लंबे समय तक गंदा पानी जमा रहने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार प्रशासन और नगर पालिका को समस्या से अवगत कराने के बावजूद अभी तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है।


ज्ञापन सौंपने पहुंची महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगी। उन्होंने प्रशासन से मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की।
वहीं खटीमा एसडीएम ने बताया कि नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से जलभराव की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।

स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन की पहल के बाद आदर्श कॉलोनी सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में जलनिकासी की व्यवस्था बेहतर होगी और बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिल सकेगी।



