

स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट

लक्सर तहसील क्षेत्र के धरमुपुर गांव निवासी दीप सिंह ने खानपुर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए एसडीएम और पुलिस क्षेत्राधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा है। दीप सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी उसे बेवजह परेशान कर रहे हैं और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।


दीप सिंह का कहना है कि गांव के ही सहजोर नामक व्यक्ति की जमीन बिक्री से जुड़े मामले को लेकर कुछ लोग उसे खानपुर पुलिस के माध्यम से परेशान कर रहे हैं। आरोप है कि खानपुर थानाध्यक्ष और कुछ पुलिसकर्मी उसके घर पहुंचकर दबाव बना रहे हैं।



शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से उस पर जमीन बेचने वाले व्यक्ति को पांच लाख रुपये देने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। दीप सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मी घर आकर धमकी दे रहे हैं और उसे लगातार परेशान किया जा रहा है।


दीप सिंह ने मामले में कार्रवाई नहीं होने पर आत्मदाह करने की चेतावनी भी दी है। उसने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।
वहीं, एसडीएम ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने कहा कि मामले की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी ने भी मामले में निष्पक्ष जांच कराने का भरोसा दिलाया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।



