टीबी उन्मूलन अभियान तेज, देहरादून की 184 ग्राम पंचायतों में पूरी हुई स्क्रीनिंग

टीबी उन्मूलन अभियान तेज, देहरादून की 184 ग्राम पंचायतों में पूरी हुई स्क्रीनिंग

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून जिले में टीबी को जड़ से खत्म करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। जिले में टीबी मरीजों की पहचान और समय पर इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मोबाइल यूनिट के माध्यम से लगातार स्क्रीनिंग की जा रही है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि अब तक जिले की 184 ग्राम पंचायतों में टीबी स्क्रीनिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि विभाग को 100 क्षेत्रों में स्क्रीनिंग का लक्ष्य मिला था, जिसके लिए दो मोबाइल यूनिट लगातार काम कर रही हैं।

सीएमओ ने बताया कि देहरादून जिले में कुल 409 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें से 184 पंचायतों में स्क्रीनिंग पूरी हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की जांच कर रही है और संभावित टीबी मरीजों की पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि चकराता ब्लॉक की पूरी आबादी की स्क्रीनिंग पहले ही पूरी की जा चुकी है। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों की जांच कर टीबी संक्रमण को शुरुआती स्तर पर पहचानना है, ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके।

डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि टीबी मरीजों के लिए केंद्र सरकार की निक्षय पोषण योजना भी संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत उपचार के दौरान प्रत्येक टीबी मरीज को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।

सीएमओ ने बताया कि निक्षय पोषण योजना के तहत विभाग ने अब तक 80 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीबी मरीजों को दवा, जांच और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि जिले में टीबी संक्रमण को नियंत्रित कर इसे पूरी तरह समाप्त किया जाए। इसके लिए ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में स्क्रीनिंग अभियान को और तेज किया जा रहा है।