पछवादून में प्रशासन एक्शन मोड में: हरबर्टपुर में 54 अवैध निर्माण चिन्हित, 8 दिसंबर से चलेगा बुलडोज़र अभियान

पछवादून में प्रशासन एक्शन मोड में: हरबर्टपुर में 54 अवैध निर्माण चिन्हित, 8 दिसंबर से चलेगा बुलडोज़र अभियान

स्थान : विकासनगर

पछवादून क्षेत्र में सरकारी ज़मीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन एक बार फिर सख्त रुख अपनाने जा रहा है। हाल ही में 23, 24 और 25 नवंबर को उत्तराखंड जल विद्युत निगम (UJVNL) ने शक्तिनहर के किनारों पर विभागीय भूमि पर बने 111 अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया था। इसके साथ ही पिछले तीन वर्षों में UJVNL अब तक कुल 367 अवैध कब्जे हटवा चुका है।

शक्तिनहर के आसपास की कार्रवाई पूरी होने के बाद अब अभियान का अगला चरण हरबर्टपुर क्षेत्र में शुरू होने जा रहा है। नगर पालिका और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में सरकारी भूमि पर बने 54 नए अवैध निर्माणों की पहचान की है। इनमें से 38 निर्माण सोनिया बस्ती में, जबकि 16 अवैध कब्जे आसन नदी किनारे चिन्हित किए गए हैं।

नगरपालिका परिषद हरबर्टपुर के अधिशासी अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इन सभी अवैध कब्जों पर 8 दिसंबर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जिला प्रशासन और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहेंगे ताकि किसी भी प्रकार की बाधा न आए।

सरकार के निर्देश पर पछवादून क्षेत्र में सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी है। प्रशासन का कहना है कि जहां भी अवैध कब्जे पाए जाएंगे, उन पर बिना किसी रियायत के कार्रवाई की जाएगी।