

स्थान : विकासनगर


बॉलीवुड फिल्मों में बाल कलाकार के रूप में अपनी पहचान बना चुके विकासनगर के युवा ओजस्वी त्यागी अब रैंप वॉक पर अपना जलवा बिखेरने को तैयार हैं। सिनेमिट कम्युनिकेशन द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित मिस्टर उत्तराखंड प्रतियोगिता के लिए हुई चयन प्रक्रिया में प्रदेशभर से आए 130 प्रतिभागियों में से केवल 12 युवा फाइनल राउंड के लिए चुने गए हैं। इन 12 में से एक नाम ओजस्वी त्यागी का भी है।



सबसे खास बात यह है कि पछवादून क्षेत्र से पहली बार किसी युवा ने इस प्रतियोगिता के मुख्य मंच तक पहुंचकर इतिहास रच दिया है। इससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है, वहीं परिवार और परिचितों में भी खुशी की लहर है।




ओजस्वी के परिजनों ने सोशल मीडिया पर भी सभी से समर्थन की अपील की है। इंस्टाग्राम के माध्यम से चल रही वोटिंग में परिजनों और दोस्तों ने लोगों से अधिक से अधिक वोट कर ओजस्वी का मनोबल बढ़ाने की विनती की है।


पछवादून का नाम रोशन करने की इस उपलब्धि ने क्षेत्र के युवाओं में भी नया जोश भर दिया है। अब सभी की निगाहें फाइनल राउंड पर टिकी हैं, जहां ओजस्वी त्यागी अपनी प्रतिभा का दमखम दिखाते हुए खिताब अपने नाम करने की कोशिश करेंगे।



