फर्जी प्रमाण पत्र घोटाले का खुलासा: ‘अपणी सरकार’ पोर्टल के दुरुपयोग से जारी हुए दस्तावेज, तीन CSC संचालक जांच के दायरे में

फर्जी प्रमाण पत्र घोटाले का खुलासा: ‘अपणी सरकार’ पोर्टल के दुरुपयोग से जारी हुए दस्तावेज, तीन CSC संचालक जांच के दायरे में

लोकेशन- हरिद्वार
रिपोर्ट – धर्मराज

फर्जी प्रमाण पत्र जारी करने के बड़े मामले पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘अपणी सरकार’ ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किए गए दस्तावेजों के माध्यम से फर्जी तरीके से प्रमाण पत्र निर्गत कराए जाने का मामला सामने आया है। जांच में पता चला है कि कुछ व्यक्तियों ने अपने CSC (कॉमन सर्विस सेंटर) का दुरुपयोग करते हुए संगठित तरीके से कई क्षेत्रों के लोगों के लिए सरकारी दस्तावेज जारी करवाए।

इन फर्जी प्रमाण पत्रों का उपयोग स्थायी प्रमाण पत्रों सहित उन सभी दस्तावेजों में किया जा रहा था, जिनके आधार पर राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और राज्य सेवाओं में रोजगार प्राप्त किया जाता है। अधिकारियों के अनुसार इस तरह के फर्जी दस्तावेज प्रमाणिक लाभार्थियों का हक छीनते हैं, और सरकारी एवं आर्थिक योजनाओं में राजस्व नुकसान की पूरी संभावना बन जाती है।

उप जिलाधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर पिछले पांच वर्षों में जारी सभी प्रमाण पत्रों की जांच की जा रही है। वर्तमान समय में निर्गत होने वाले प्रमाण पत्रों की भी गहन जांच की जाएगी। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्रमाण पत्र जारी करने वाले CSC संचालकों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी है और दोषी पाए जाने पर सख्त दंड दिया जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पूरे तंत्र को शुद्ध करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।