धामी सरकार 26 नवंबर को आयोजित करेगी उत्तराखंड का अब तक का सबसे बड़ा कार्यक्रम! 23 हजार से अधिक शिक्षण संस्थानों में गूंजेगा वंदे मातरम

धामी सरकार 26 नवंबर को आयोजित करेगी उत्तराखंड का अब तक का सबसे बड़ा कार्यक्रम! 23 हजार से अधिक शिक्षण संस्थानों में गूंजेगा वंदे मातरम

23 हजार से अधिक शिक्षण संस्थानों में गूंजेगा वंदे मातरम

लोकेशन- हरिद्वार
रिपोर्ट – धर्मराज


राज्य में 26 नवंबर को एक ऐतिहासिक कार्यक्रम होने जा रहा है। धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि इस दिन उत्तराखंड के सभी सरकारी और प्राइवेट कॉलेजों व विश्वविद्यालयों में वंदे मातरम गूंजेगा। इस वर्ष वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ है और इसे भव्य रूप देने के लिए राज्यभर के करीब 23,500 शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मंत्री रावत के अनुसार सरकार की अपेक्षा है कि इस आयोजन में छात्र-छात्राओं से लेकर अभिभावक, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में शामिल हों। अनुमान है कि 25 लाख से अधिक लोग एक साथ वंदे मातरम का स्वर मिलाएंगे, जो प्रदेश के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा सामूहिक सांस्कृतिक आयोजन होगा।

सरकार का दावा है कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना और वंदे मातरम के ऐतिहासिक महत्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। तैयारियों को लेकर शिक्षा विभाग और विभिन्न संस्थानों को आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं।