
स्थान : रुड़की (हरिद्वार)
ब्यूरो रिपोर्ट

बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के शांतरशाह में सोमवार देर शाम एक बाइक मिस्त्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय हैप्पी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।


बताया जा रहा है कि हैप्पी अपनी बाइक रिपेयरिंग की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान दो नकाबपोश हमलावर पैदल वहां पहुंचे और अचानक उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही हैप्पी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।



फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल हैप्पी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।


वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि भागते समय बदमाशों ने हवाई फायरिंग भी की। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।


सूचना मिलते ही बहादराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के लोगों से वारदात के संबंध में जानकारी ली।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में दोनों आरोपियों के पैदल दुकान तक पहुंचने की बात सामने आई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।


स्थानीय लोगों के मुताबिक हैप्पी का व्यवहार सभी के साथ अच्छा था और उसकी किसी से रंजिश की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस व्यक्तिगत रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

एसएसपी के निर्देश पर वारदात के जल्द खुलासे के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। पुलिस हमलावरों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। युवक की हत्या के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं घटना को लेकर क्षेत्र के लोगों में चिंता और आक्रोश का माहौल है।

