बद्रीनाथ हाईवे हादसे पर बवाल — नशे में धुत्त ट्रोला चालक ने कुचले वाहन, आक्रोशित महिलाओं से विधायक की तीखी नोकझोंक

बद्रीनाथ हाईवे हादसे पर बवाल — नशे में धुत्त ट्रोला चालक ने कुचले वाहन, आक्रोशित महिलाओं से विधायक की तीखी नोकझोंक

स्थान: रुद्रप्रयाग

बद्रीनाथ हाईवे पर तिलणी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गौचर से रुद्रप्रयाग की ओर आ रहा एक नशे में धुत्त ट्रोला चालक बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े दो कारों और चार दुपहिया वाहनों को रौंदते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना स्थल के पास स्थित गुरुरामराय पब्लिक स्कूल में उस समय बच्चे मौजूद नहीं थे, क्योंकि स्कूल का समय बदला गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह हादसा कुछ देर बाद होता, तो बड़ा नुकसान हो सकता था।

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रोला चालक को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद तिलणी के ग्रामीणों ने बद्रीनाथ हाईवे पर प्रदर्शन कर नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

इसी दौरान राजमार्ग से गुजर रहे रुद्रप्रयाग विधानसभा से भाजपा विधायक भरत सिंह चौधरी को भी स्थानीय जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ा। विधायक ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाओं ने तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए विधायक से तीखी नोकझोंक कर दी।

स्थिति उस समय और गर्मा गई जब विधायक और महिलाओं के बीच की बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि विधायक ने महिलाओं से अभद्र भाषा का प्रयोग किया और कहा कि “आप लोगों ने मुझे विधायक नहीं बनाया है।”

इस पर नाराज महिलाओं ने कोतवाल निरीक्षक को एक पत्र सौंपकर विधायक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिलाओं का कहना है कि विधायक ने उन्हें “बदतमीज” और “घनचक्कर” कहकर अपमानित किया।

वहीं पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। ट्रोला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर ट्रकों की चेकिंग और निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।