लोहाघाट उप जिला अस्पताल में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर विवाद, पूर्व विधायक ने क्षेत्रीय नेताओं पर लगाया कब्जे का आरोप

लोहाघाट उप जिला अस्पताल में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर विवाद, पूर्व विधायक ने क्षेत्रीय नेताओं पर लगाया कब्जे का आरोप

रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट
स्थान:लोहाघाट (चंपावत)

लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में मरीजों की जान बचाने के लिए रखे गए ऑक्सीजन कंसंट्रेटरों को लेकर बड़ी समस्या सामने आई है। अस्पताल के 25 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर क्षेत्रीय नेताओं के कब्जे में हैं, जिन्हें उन्होंने अस्पताल से मांग कर लिया और आज तक वापस नहीं किया।

चिकित्सा अधीक्षक के अनुसार, यह स्थिति पिछले एक से डेढ़ साल से बनी हुई है, जिसके कारण अस्पताल में गंभीर रूप से बीमार मरीजों को ऑक्सीजन की कमी जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इस मामले में पूर्व भाजपा विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने गहरी नाराजगी जताई। लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में मरीजों से मुलाकात के दौरान उन्हें इस गंभीर समस्या की जानकारी मिली। पूर्व विधायक फर्त्याल ने कहा कि उनके कार्यकाल में अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए गंभीर मरीजों की जान बचाने के लिए कंसंट्रेटर उपलब्ध कराए गए थे, लेकिन आज ये उपकरण क्षेत्रीय नेताओं के कब्जे में हैं।

उन्होंने कहा कि यह सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग है और अस्पताल में भर्ती मरीजों को इसका सीधा नुकसान हो रहा है। पूर्व विधायक ने चिकित्सा अधीक्षक से कहा कि ऑक्सीजन कंसंट्रेटर वापस न करने वाले नेताओं पर कानूनी कार्रवाई की जाए।

वर्तमान में प्रशासन और स्वास्थ्य अधिकारियों से यह अपेक्षा की जा रही है कि वे इस मामले में सख्त कदम उठाकर ऑक्सीजन कंसंट्रेटरों को मरीजों के उपयोग के लिए तुरंत उपलब्ध कराएं।

यह मामला जिले में स्वास्थ्य सेवाओं में शासन और राजनीति के टकराव को भी उजागर करता है और इसे गंभीरता से लिया जाने की आवश्यकता है।