

रिपोर्ट : भगवान सिंह

स्थान :पौड़ी गढ़वाल

राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ को रजत जयंती के रूप में भव्यता और उत्साह के साथ मनाने की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी (CDO) गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में प्राथमिक बैठक संपन्न हुई।





बैठक में CDO ने सभी संबंधित रेखीय विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रमों की रूपरेखा शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रजत जयंती राज्य की गौरवशाली यात्रा का प्रतीक है और इसे जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा।


इस अवसर पर शिक्षा विभाग विद्यालयों में पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिताएं, पर्यटन विभाग साहसिक खेलों का आयोजन, खेल विभाग खेल प्रतियोगिताएं, सेवायोजन विभाग रोजगार मेले, स्वास्थ्य विभाग हेल्थ कैम्प और आपदा प्रबंधन विभाग तहसील स्तर पर डेमो आयोजित करेंगे।

मुख्य विकास अधिकारी ने उपजिलाधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को सभी तहसीलों और विकासखण्डों में सजीव प्रसारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

बैठक में यह भी प्रस्ताव रखा गया कि श्रीनगर में मानव श्रृंखला बनाई जाए। इसके लिए सभी रेखीय विभागों, शिक्षण संस्थानों एवं सामाजिक संस्थाओं से समन्वय स्थापित करने के निर्देश उपजिलाधिकारी श्रीनगर को दिए गए।


यह बैठक राज्य की रजत जयंती समारोह की तैयारियों में निर्णायक कदम मानी जा रही है, जिसमें सरकारी तंत्र और जनता दोनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।


