जसपुर में धान खरीद को लेकर किसानों की बैठक

जसपुर में धान खरीद को लेकर किसानों की बैठक

लोकेशन :- जसपुर
रिपोर्टर:- अज़ीम खान

धान की फसल पककर तैयार हो चुकी है और खरीद का समय नजदीक आते ही किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है। इन्हीं चिंताओं को लेकर शुक्रवार को जसपुर उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान की अध्यक्षता में अनाज मंडी परिसर में एक बैठक आयोजित हुई। बैठक में वरिष्ठ विपणन अधिकारी कौशल कुमार, वरिष्ठ सहायक अनाज मंडी समिति ध्यान सिंह जमनाल, मंडी निरीक्षक हादी हसन सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

इस बैठक में भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी और क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे किसानों ने धान खरीद को लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। किसानों ने मांग की कि धान खरीद की प्रक्रिया 1 अक्टूबर से प्रारंभ की जाए, पोर्टल समय से पहले शुरू हो, अनाज मंडी में निकाले गए मॉइश्चर को ही मान्यता मिले। साथ ही बढ़ती पैदावार को देखते हुए प्रति हेक्टेयर टोल 45 की जगह 55 कुंतल की जाए और क्षेत्र में दो नए धान खरीद केंद्र खोले जाएं।

उपजिलाधिकारी ने किसानों की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि किसानों और राइस मिलर्स के साथ एक अलग बैठक बुलाकर धान खरीद में आने वाली बाधाओं पर चर्चा की जाएगी, ताकि समय पर समाधान सुनिश्चित हो सके।