सितारगंज में 12 रबी-उल-अव्वल पर जगमगाया शहर, हजारों लोगों ने देखी भव्य रोशनी

सितारगंज में 12 रबी-उल-अव्वल पर जगमगाया शहर, हजारों लोगों ने देखी भव्य रोशनी

स्थान :सितारगंज
रिपोर्टर : तनवीर अंसारी

सितारगंज में 12 रबी-उल-अव्वल के मौके पर भव्य रोशनी का आयोजन किया गया। शहर में हुई आकर्षक सजावट और रोशनी देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल नजर आया।

जामा मस्जिद से लेकर तिरंगा चौक तक करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में विशेष रोशनी की गई थी। सड़क के दोनों ओर की गई आकर्षक सजावट लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रही। बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर रोशनी का आनंद लिया।

आयोजन में सर्वधर्म समाज के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अलग-अलग समुदायों के लोगों की मौजूदगी ने सितारगंज की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की।

इस अवसर पर जामा मस्जिद में भव्य जलसे का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।

कार्यक्रम के दौरान नेकी फाउंडेशन के संस्थापक इस्तियाग अंसारी ने व्यापार मंडल अध्यक्ष उमेश अग्रवाल और कोषाध्यक्ष दीपेंद्र सिंघल को शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

इसके साथ ही रमपुरा कमेटी के पदाधिकारियों को भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में सहयोग और सहभागिता करने वाले लोगों का सम्मान कर उनके योगदान की सराहना की गई।

व्यापार मंडल अध्यक्ष उमेश अग्रवाल ने कहा कि सितारगंज एक कौमी गुलदस्ता है, जहां सर्वधर्म समाज के लोग एक-दूसरे के आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। उन्होंने आयोजन को आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक बताया।

व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष दीपेंद्र सिंघल ने 12 रबी-उल-अव्वल की सभी लोगों को बधाई दी। उन्होंने भव्य रोशनी के आयोजन के लिए आयोजकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं।

बताया गया कि 12 रबी-उल-अव्वल पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिन की याद में मनाया जाता है। इसी उपलक्ष्य में सितारगंज में आयोजित भव्य रोशनी और जलसे में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और शहर की आपसी एकता व भाईचारे का संदेश दिया।