

रिपोर्ट भगवान सिंह
स्थान-पौड़ी गढ़वाल

पौड़ी गढ़वाल: स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के तहत विकास भवन परिसर में एक वृहद् सफाई अभियान आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभियान में भाग लिया और उन्हें स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया।



अभियान के दौरान विकास भवन के कार्यालयों के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी परिसर की सफाई में जुटे। अंडरग्राउंड नाले से लेकर खुले परिसर तक व्यापक स्तर पर सफाई की गई। संकलित किए गए सूखे और गीले कूड़े के अलावा ठोस अपशिष्ट को अलग-अलग कर नगर पालिका के कूड़ा वाहन में लादकर कूड़ा निस्तारण केंद्र भेजा गया।


मुख्य विकास अधिकारी ने सभी कार्यालयाध्यक्षों को अपने-अपने कार्यालयों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए और कहा कि 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक चलने वाले इस पखवाड़े में विकासखण्ड स्तर पर भी व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है।



उन्होंने कहा, “स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। जिस प्रकार हम अपने घरों को प्रतिदिन साफ रखते हैं, उसी प्रकार कार्यालय व सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता भी हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। साफ-सुथरा वातावरण न केवल स्वास्थ्य प्रदान करता है, बल्कि कार्यक्षमता और सामाजिक छवि को भी मजबूत बनाता है।”

गिरीश गुणवंत ने आगे कहा कि स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा हमें यह प्रेरणा देता है कि हम सब मिलकर अपने आस-पास को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाएं। उनका कहना था कि सफाई अभियान का उद्देश्य केवल कूड़ा उठाना नहीं, बल्कि साफ-सफाई की आदत को व्यवहार में लाना है। यदि विकास भवन के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना लें, तो समाज में भी सकारात्मक संदेश जाएगा और स्वच्छता जन-आंदोलन के रूप में स्थापित होगी।



