स्थान : पौड़ी
ब्यूरो रिपोर्ट


रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर बुधवार को पौड़ी के ऑडिटोरियम में कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का कार्यकर्ताओं और महिलाओं ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। बड़ी संख्या में महिलाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के चलते कार्यक्रम को पार्टी के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा गया।


कार्यक्रम के दौरान करीब 200 महिलाओं समेत कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी का दामन थामा। बड़ी संख्या में नए सदस्यों के पार्टी से जुड़ने को कांग्रेस क्षेत्र में अपने बढ़ते जनसमर्थन के तौर पर देख रही है। वहीं, राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को भाजपा के लिए चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।


रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को राखी बांधी और उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। गोदियाल ने भी प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आपसी स्नेह का प्रतीक है।


गणेश गोदियाल ने कहा कि रक्षाबंधन समाज में भाईचारे और सौहार्द को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल महिलाओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि जनता का विश्वास कांग्रेस की ताकत है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोदियाल ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने देश के निर्माण और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकारों ने युवाओं को रोजगार देने के बजाय नौकरियों के नाम पर निराश किया है।


गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर बेरोजगारी दूर करने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना कांग्रेस की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा और इस दिशा में पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी।



उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस की नीतियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने आगामी समय में संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करने की अपील की।


इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद नेगी, वरिष्ठ नेता सुंदर लाल मुयाल, अरुणा कुमार, भरत सिंह, अनिल कुमार, अनूप सिंह, तस्लीम जावेद, राहत हुसैन, विजय दर्शन बिष्ट, आशीष नेगी, कमला नेगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन यशोदा नेगी ने किया।

