लोहाघाट में बॉक्सिंग की नई पौध तैयार कर रहे कैप्टन आनंद सिंह महरा, सीमित संसाधनों में युवाओं को दे रहे कड़ा प्रशिक्षण

लोहाघाट में बॉक्सिंग की नई पौध तैयार कर रहे कैप्टन आनंद सिंह महरा, सीमित संसाधनों में युवाओं को दे रहे कड़ा प्रशिक्षण

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

चंपावत खेल विभाग में तैनात कॉन्ट्रैक्ट प्रशिक्षक कैप्टन आनंद सिंह महरा लोहाघाट में सीमित संसाधनों के बीच बॉक्सिंग की नई पौध तैयार करने में जुटे हैं। खेल विभाग के बॉक्सिंग कैंप में वह युवाओं को कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण दे रहे हैं, ताकि क्षेत्र से ऐसे बॉक्सर तैयार हो सकें जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करें।

कैप्टन महरा के प्रशिक्षण कैंप में बॉक्सिंग सीखने के लिए बड़ी संख्या में युवा पहुंच रहे हैं। रोजाना प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों से जमकर पसीना बहवाया जा रहा है। फिटनेस, तकनीक और मुकाबले के दौरान आत्मविश्वास बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

कैप्टन आनंद सिंह महरा खुद भारतीय सेना के जाने-माने बॉक्सर रह चुके हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रतिभाग कर चुके हैं। अपने अनुभव के आधार पर वह खिलाड़ियों को बॉक्सिंग की बारीकियां सिखा रहे हैं और उन्हें प्रतियोगिताओं के लिए तैयार कर रहे हैं।

कैप्टन महरा ने बताया कि बॉक्सिंग ऐसा खेल है, जिसमें प्रतिभा और मेहनत के दम पर युवा अपना बेहतर करियर बना सकते हैं। उन्होंने बताया कि उनके प्रशिक्षण से तैयार हुए चार युवा अब रोजगार हासिल कर चुके हैं। इनमें तीन युवा अग्निवीर के रूप में सेना में भर्ती हुए हैं, जबकि एक युवा आईटीबीपी में चयनित हुआ है।

उन्होंने बताया कि कैंप की दो महिला बॉक्सर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा ले चुकी हैं। कैप्टन महरा के अनुसार बालिकाएं बॉक्सिंग में बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं और बड़ी संख्या में बालिकाएं खेल कैंप में प्रशिक्षण लेने पहुंच रही हैं।

कैप्टन महरा ने कहा कि खिलाड़ियों को बॉक्सिंग में पारंगत बनाने के लिए कड़ी मेहनत कराई जाती है। उनका लक्ष्य है कि लोहाघाट से ऐसे बॉक्सर तैयार हों, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही लोहाघाट से बेहतर बॉक्सर निकलने शुरू होंगे।

प्रशिक्षक ने बताया कि खेल विभाग के माध्यम से सरकार से मिलने वाली सुविधाएं खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही हैं। हालांकि, कैंप में शेड और बेहतर बॉक्सिंग रिंग की कमी है। उन्होंने कहा कि यदि इन संसाधनों को बेहतर किया जाए तो खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के लिए और सुविधाएं मिल सकती हैं।

कैप्टन महरा ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए बॉक्सिंग को बेहतर माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि बॉक्सिंग युवाओं को अनुशासन, फिटनेस और सकारात्मक सोच की ओर ले जाती है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल करने वाले खिलाड़ियों के लिए सरकार की ओर से रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

वहीं, लोहाघाट के बॉक्सिंग कैंप में प्रशिक्षण लेने वाले युवा भी कैप्टन महरा के नेतृत्व में जमकर मेहनत कर रहे हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि उन्हें कैप्टन महरा जैसे अनुभवी बॉक्सिंग कोच का मार्गदर्शन मिलना सौभाग्य की बात है। युवाओं को उम्मीद है कि कड़ी मेहनत और बेहतर प्रशिक्षण के दम पर वे आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।