

स्थान : हरिद्वार


प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हाल ही में आई आपदा के बाद जहां सरकार राहत और बचाव कार्यों में जुटी है, वहीं धार्मिक और आध्यात्मिक संगठनों ने भी आगे आकर अपना योगदान देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में रविवार शाम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हरिद्वार दौरे के दौरान संत समाज ने एक बड़ी पहल करते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए ₹34 लाख का चेक सौंपा।



यह सहयोग डाम कोठी में अखाड़ा परिषद महानिर्वाण अखाड़े के सचिव महंत रविंद्र पुरी के नेतृत्व में संतों के एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा दिया गया। संतों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर आपदा राहत में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।


सीएम ने जताया आभार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संतों द्वारा दिए गए आर्थिक सहयोग के लिए उनका आभार जताते हुए कहा:


“आपदा की इस घड़ी में संत समाज का यह सहयोग न सिर्फ आर्थिक रूप से, बल्कि नैतिक रूप से भी प्रदेशवासियों के लिए बल देने वाला है।“

उन्होंने संतों के इस सामाजिक सरोकार को प्रेरणादायक बताया और कहा कि यह अन्य संगठनों और समाज के लोगों को भी आगे आने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

संतों ने की मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना
संतों ने मुख्यमंत्री धामी द्वारा आपदा प्रभावित क्षेत्रों में स्वयं जाकर हालात का जायज़ा लेने और राहत-बचाव कार्यों की निरंतर निगरानी करने की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह सक्रिय और संवेदनशील रवैया आम जनता में भरोसे और साहस का संचार करता है।


