उत्तरकाशी: धराली क्षेत्र के किसानों ने सेब की उचित खरीद की मांग को लेकर धरना दिया

उत्तरकाशी: धराली क्षेत्र के किसानों ने सेब की उचित खरीद की मांग को लेकर धरना दिया

रिपोर्ट : दीपक नौटियाल
स्थान : उत्तरकाशी

उत्तरकाशी। धराली क्षेत्र में हाल ही में आई आपदा के कारण लगभग एक माह तक सड़कें बाधित रहीं, जिससे किसानों की सेब की फसल बागानों में अटक गई और बाजार तक समय पर नहीं पहुंच पाई। इस वजह से किसानों को करोड़ों का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ग्रामसभा झाला के कोल्ड स्टोरेज परिसर में स्थानीय किसान, युवक मंगल दल के सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता एकत्र हुए और सेब को सरकार द्वारा 2013 की तर्ज पर उचित दाम पर खरीदने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरना दिया।

धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि 2013 के केदारनाथ आपदा के दौरान तत्कालीन सरकार ने किसानों को राहत देने के लिए सेब ₹30 प्रति किलो की दर से खरीदा था। इस बार भी आपदा की स्थिति में सरकार को तत्काल ठोस निर्णय लेकर किसानों को राहत प्रदान करनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि बाहरी व्यापारी इस अवसर का गलत फायदा उठाकर औने-पौने दाम पर माल खरीदने लगे हैं, जिससे किसान और संकट में हैं। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार शीघ्र सेब खरीद की घोषणा नहीं करती है तो 21 सितंबर से गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग, झाला पुल के पास चक्का जाम कर धरना दिया जाएगा।