मसूरी: कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा कर राहत कार्यों की समीक्षा की

मसूरी: कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा कर राहत कार्यों की समीक्षा की

रिपोर्टर : सुनील सोनकर
स्थान : मसूरी

मसूरी। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को मसूरी विधानसभा के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत कार्यों की समीक्षा की। झड़ीपानी ट्रैकिंग रूट, पानी वाला बैंड, कोलूखेत और बार्लोगंज जैसे इलाकों में भू-स्खलन और भारी बारिश से हालात बेहद गंभीर हैं।

मंत्री ने मौके पर जाकर स्थानीय जनता से सीधा संवाद किया और अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा, “मैं जनता के आंसू नहीं देख सकता। जब कोई पीड़ित कहता है कि उसका घर तबाह हो गया है और अफसर फोन नहीं उठाते, तो वो दर्द मेरा भी होता है।”

झड़ीपानी ट्रैकिंग रूट को लेकर मंत्री ने खतरे की आशंका जताई और तुरंत सुरक्षा सर्वेक्षण और समाधान के आदेश दिए। देहरादून-मसूरी राष्ट्रीय मार्ग पर हुए व्यापक नुकसान को देखते हुए उन्होंने लोक निर्माण विभाग को युद्धस्तर पर मरम्मत का निर्देश दिया और कहा कि सड़कों की बहाली में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि यही पर्यटन और स्थानीय जीवन की धुरी है।

अब तक मसूरी क्षेत्र में लगभग ₹300 करोड़ से अधिक का नुकसान हो चुका है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि “सरकार जमीन पर है, फाइलों में नहीं। राहत हर हाल में पहुंचेगी।”

विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए जोशी ने कहा, “यह राजनीति नहीं, सेवा का समय है। जनता देख रही है कि संकट में कौन साथ है और कौन सिर्फ बयानबाजी कर रहा है।”

मास्टर जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर बड़ा ऐलान किया कि इस बार सेवा सप्ताह को आपदा सेवा सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर भाजपा कार्यकर्ता को अपने स्तर पर जरूरतमंदों की मदद करनी होगी, चाहे वह राहत सामग्री, भोजन, दवाई या किसी तरह का सहारा हो।

जोशी ने कहा, “हम केवल सरकार नहीं, एक परिवार हैं और परिवार मुसीबत में एक-दूसरे का साथ छोड़ता नहीं। मोदी जी का जीवन ही सेवा का पर्याय है और उन्हें सबसे बड़ा तोहफा यही होगा कि हम उनके जन्मदिवस पर जनसेवा को अपना धर्म बना लें।”