देहरादून: एलिवेटेड रोड विवाद पर कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने

देहरादून: एलिवेटेड रोड विवाद पर कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने

स्थान : देहरादून
रिपोर्टर : सचिन कुमार

देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यकाल में 582 मलिन बस्तियों को चिन्हित कर उनके मालिकाना हक देने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार एलिवेटेड रोड के नाम पर मलिन बस्तियों को उजाड़ने का काम कर रही है।

इसपर पलटवार करते हुए भाजपा विधायक विनोद चमोली ने कहा कि किसी भी मलिन बस्ती को उजाड़ा नहीं जा रहा है। उन्होंने बताया कि देहरादून में एलिवेटेड रोड की आवश्यकता है और इस परियोजना से लगभग 3000 से अधिक लोग प्रभावित हो रहे हैं। सरकार उन्हें विस्थापित कर पुनर्वास सुनिश्चित करेगी, जिससे स्पष्ट होता है कि यह कार्य बसाने का है, उजाड़ने का नहीं।

चमोली ने कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि मलिन बस्तियों के लोगों को अच्छी तरह पता है कि जब हाईकोर्ट के आदेश के तहत बस्तियों को हटाने का मामला आया था, तब भाजपा सरकार ने तीन बार अध्यादेश लाकर बस्तियों को बचाया था। उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उन्हें सच में चिंता है तो वे खुलकर विरोध करें और बताएं कि क्या शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और विकास होना चाहिए या नहीं।

भाजपा का कहना है कि कांग्रेस द्वारा बनाया गया विरोधी वातावरण असत्य पर आधारित है और बस्तियों के लोग भाजपा सरकार के कार्यों को अच्छी तरह समझते हैं।